हाईवे किनारे अवैध ढाबों पर चलेगा बुलडोजर!
राष्ट्रीय राजमार्गों पर बढ़ती दुर्घटनाओं और अवैध पार्किंग पर लगाम लगाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने बड़ा अभियान शुरू करने का फैसला किया है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद अब देशभर के राष्ट्रीय राजमार्गों पर बने अवैध ढाबों, अतिक्रमणों और अनधिकृत ट्रक पार्किंग स्थलों को हटाया जाएगा। इस कार्रवाई का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाना और हाईवे पर निर्बाध यातायात सुनिश्चित करना है।
अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ NHAI ने हाईवे सुरक्षा व्यवस्था को भी और मजबूत करने का निर्णय लिया है। इसके तहत एडवांस्ड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ATMS) की सभी इकाइयों—जैसे निगरानी कैमरे, वीडियो इंसिडेंट डिटेक्शन सिस्टम, स्पीड मॉनिटरिंग सिस्टम, वेरिएबल मैसेज साइनबोर्ड और इमरजेंसी कॉल बॉक्स—का तत्काल ऑडिट कराया जाएगा, ताकि सभी उपकरण पूरी तरह सक्रिय रहें और दुर्घटनाओं पर तुरंत प्रतिक्रिया दी जा सके।
इसके अलावा प्रत्येक जिले में डिस्ट्रिक्ट हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स और नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी, जो सुरक्षा मानकों की निगरानी करेंगे। एंबुलेंस, रिकवरी वाहनों और हाईवे पेट्रोलिंग को भी और सशक्त बनाया जाएगा। NHAI का मानना है कि इन कदमों से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी, अवैध गतिविधियों पर रोक लगेगी और देशभर के राजमार्ग पहले से कहीं अधिक सुरक्षित बनेंगे।
