जमशेदपुर-कोलकाता उड़ान सेवा पर लगा ब्रेक!
जमशेदपुर और कोलकाता के बीच हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ा झटका लगा है। क्षेत्रीय एयरलाइन IndiaOneAir ने तत्काल प्रभाव से जमशेदपुर-कोलकाता-जमशेदपुर उड़ान सेवा स्थगित करने की घोषणा कर दी है। एयरलाइन ने इसके पीछे पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा Viability Gap Funding (VGF) का विस्तार न किए जाने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों को प्रमुख वजह बताया है। इस फैसले से व्यापारियों, छात्रों, मरीजों और पर्यटकों को सबसे अधिक परेशानी होने की आशंका है।
एयरलाइन के अनुसार, वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) महंगा हो गया है, जिससे परिचालन लागत में भारी इजाफा हुआ है। कम यात्री संख्या वाले क्षेत्रीय मार्गों पर बढ़ते खर्च के बीच उड़ान सेवा को जारी रखना व्यावसायिक रूप से संभव नहीं रह गया। फिलहाल सेवा दोबारा कब शुरू होगी, इसे लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
गौरतलब है कि फरवरी 2023 में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में इस उड़ान सेवा का शुभारंभ किया गया था। उस समय इसे जमशेदपुर की हवाई कनेक्टिविटी के लिए बड़ी उपलब्धि माना गया था। अब सेवा बंद होने के बाद क्षेत्रीय उड़ानों को दी जाने वाली सरकारी सहायता और उनकी दीर्घकालिक आर्थिक व्यवहार्यता पर एक बार फिर बहस तेज हो गई है।
