TMH पहुंचे आदित्य साहू, विधायक पूर्णिमा साहू का जाना हालचाल
जमशेदपुर पूर्वी की भाजपा विधायक पूर्णिमा साहू की तबीयत में सुधार होने की खबर के बीच झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) पहुंचकर उनका हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली और विधायक के शीघ्र स्वस्थ होकर दोबारा जनसेवा में लौटने की कामना की।
अस्पताल में आदित्य साहू के साथ भाजपा के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता और स्थानीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने पूर्णिमा साहू के जल्द स्वस्थ होने की कामना व्यक्त की। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास भी अस्पताल पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जान चुके हैं।
भाजपा नेताओं ने विश्वास जताया कि पूर्णिमा साहू शीघ्र स्वस्थ होकर फिर से जनता के बीच सक्रिय होंगी। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी उनके जल्द स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना की है। विधायक की सेहत में सुधार की खबर से समर्थकों और क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है।
