June 25, 2026

झारखंड के कलाकारों को हर महीने ₹4,000 पेंशन का तोहफा

download-3-1

झारखंड सरकार ने राज्य के वरिष्ठ, गंभीर रूप से बीमार और स्थायी रूप से दिव्यांग कलाकारों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में शुरू की गई मासिक कलाकार पेंशन योजना के तहत पात्र कलाकारों को हर महीने ₹4,000 की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इस पहल का उद्देश्य राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संजोने वाले कलाकारों को सम्मान और आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है।

कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के अनुसार, पेंशन की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से लाभार्थियों के आधार से जुड़े बैंक खातों में सीधे भेजी जाएगी। यह योजना विशेष रूप से उन कलाकारों के लिए बनाई गई है, जो बढ़ती उम्र, गंभीर बीमारी या स्थायी दिव्यांगता के कारण आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं।

इस योजना का लाभ संगीत, नृत्य, रंगमंच, लोककला, चित्रकला, मूर्तिकला सहित विभिन्न कला क्षेत्रों से जुड़े झारखंड के मूल निवासी कलाकार उठा सकेंगे। आवेदन के लिए आयु एवं निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, बैंक खाते का विवरण, कला उपलब्धियों का प्रमाण और आवश्यकता अनुसार चिकित्सा या दिव्यांगता प्रमाण पत्र जमा करना होगा।

सरकार ने आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है और इच्छुक कलाकार 31 जुलाई 2026 तक अपना आवेदन सांस्कृतिक कार्य निदेशालय, रांची में जमा कर सकते हैं। अधिकारियों का मानना है कि यह योजना न केवल जरूरतमंद कलाकारों को आर्थिक संबल देगी, बल्कि झारखंड की लोक संस्कृति और कला परंपराओं के संरक्षण को भी नई मजबूती प्रदान करेगी।