June 3, 2026

Hazaribagh-Chatra Breaking Naxali Encounter : 15 लाख का इनामी सहदेव महतो समेत 4 नक्सली ढेर, भारी मात्रा में हथियार बरामद

IMG-20260417-WA0002

चतरा-हजारीबाग बॉर्डर पर भीषण मुठभेड़

रांची : चतरा और हजारीबाग जिले की सीमा पर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है. इस ऑपरेशन में 15 लाख रुपये के इनामी कुख्यात नक्सली सहदेव महतो उर्फ शाहदेव समेत कुल 4 नक्सलियों को मार गिराया गया है. मारे गए नक्सलियों में एक महिला नक्सली नताशा के भी शामिल होने की पुष्टि हुई है.
पुलिस को नक्सलियों के एक बड़े समूह के सीमा क्षेत्र में छिपे होने की गुप्त सूचना मिली थी. इसके बाद चतरा पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया. तलाशी के दौरान घात लगाए नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों ओर से घंटों तक मुठभेड़ चली. मारे गए नक्सलियों में सहदेव महतो उर्फ शाहदेव सबसे बड़ा नाम है, जिस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था. वह लंबे समय से कई नक्सली घटनाओं में वांछित था और संगठन में उसकी अहम भूमिका मानी जाती थी.
मुठभेड़ के बाद भी सुरक्षा बलों द्वारा पूरे इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, ताकि अन्य छिपे नक्सलियों को भी पकड़ा जा सके. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी कामयाबी है. यह मुठभेड़ झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, जिससे क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर बड़ा असर पड़ने की उम्मीद है.

महिला नक्सली नताशा भी ढेर

मुठभेड़ में एक महिला नक्सली नताशा भी मारी गई है, जो संगठन की सक्रिय सदस्य थी. सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, वह कई घटनाओं में शामिल रही थी और लंबे समय से फरार चल रही थी.
मुठभेड़ के बाद सर्च ऑपरेशन में घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है. इनमें आधुनिक राइफलें, गोला-बारूद और दैनिक उपयोग के सामान शामिल हैं, जिससे नक्सलियों की बड़ी साजिश का अंदेशा जताया जा रहा है.