Jamshedpur Bistupur Gopal Maidan Me Bhumij Samaj Ke Log Jutenge : बिस्टुपुर गोपाल मैदान में शनिवार को भूमिज समाज के लोगों का महजुटान
भूमिज विद्रोह के महानायक शहीद गंगा नारायण सिंह की जयंती पर करेंगे नमन
जमशेदपुर : भूमिज विद्रोह के महानायक वीर शहीद गंगा नारायण सिंह की जयंती पर कल, शनिवार को बिस्टुपुर गोपाल मैदान में भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा. इस संबंध में सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजन समिति के संरक्षक एवं पोटका विधायक संजीव सरदार ने विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि यह आयोजन केवल जयंती नहीं, बल्कि समाज की अस्मिता, स्वाभिमान और एकता का प्रतीक बनेगा. कार्यक्रम में झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और असम से करीब 50 हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद है. बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आमंत्रित किया गया है. वहीं विशिष्ट अतिथियों में परिवहन मंत्री दीपक बिरूआ और आदिवासी कल्याण मंत्री चमरा लिंडा सहित कोल्हान क्षेत्र के कई विधायक शामिल हो सकते हैं.
आयोजन की रूपरेखा के अनुसार सुबह पूजा-अर्चना और माल्यार्पण से कार्यक्रम की शुरुआत होगी. इसके बाद सामाजिक परिचर्चा, दोपहर में सांस्कृतिक कार्यक्रम और अंत में जनसभा एवं बुद्धिजीवियों के संबोधन के साथ समापन होगा. आयोजन समिति ने बताया कि कार्यक्रम में पारंपरिक वेशभूषा में काफी संख्या में लोग शामिल होंगे और सांस्कृतिक समागम के माध्यम से गंगा नारायण सिंह के संघर्ष और विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा.
प्रेस वार्ता में हरीश चंद्र सिंह भूमिज, राधेश्याम भूमिज, मदन सिंह मुंडा, संजय सरदार, रविंद्र सरदार, ठाकुर दास सिंह, बिहारी लाल सरदार, बीरगुराम सरदार, हरदीपदो सरदार, अमर सिंह सरदार, सपन सरदार, शंकर सिंह, लघु सिंह, रजनी कांति सिंह, दीनानाथ सिंह समेत कई लोग उपस्थित थे.
