Jamshedpur Dirty Sewage Water Flowing On The Road In Front Of The School : सोनारी : स्कूल के सामने सड़क पर बह रहा सीवरेज का गंदा पानी
जमशेदपुर : सोनारी वेस्ट ले-आउट रोड नंबर-9 स्थित भारत सेवाश्रम स्कूल के सामने कई दिनों से सीवरेज का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इसकी जानकारी मिलने पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा मौके पर पहुंचे और लोगों की समस्याएं सुनीं.
स्थानीय निवासियों ने बताया कि टाटा स्टील द्वारा बनाई गई सीवरेज लाइन में लीकेज होने के कारण गंदा पानी लगातार सड़क पर बह रहा है. इससे स्कूल आने-जाने वाले बच्चों, सुबह-शाम जॉगर्स पार्क में टहलने वाले लोगों तथा क्षेत्र की महिलाओं, पुरुषों और बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. लोगों ने मुकुल मिश्रा से जल्द समाधान कराने की मांग की. मुकुल मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जुस्को के महाप्रबंधक आरके सिंह से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान कराने का आग्रह किया. उन्होंने इस संबंध में सीवरेज लीकेज की तस्वीरें और वीडियो भी जुस्को महाप्रबंधक को भेजी है, ताकि जल्द से जल्द मरम्मत कार्य शुरू कराया जा सके. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समय पर समाधान होना जरूरी है, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.
