May 8, 2026

Jamshedpur Vivekanand School Ke Toppers Sammanit : आईसीएसई में विवेकानंद इंटरनेशनल स्कूल का शानदार प्रदर्शन, टॉपर्स हुए सम्मानित

IMG-20260508-WA0003

सिटी एसपी ललित मीणा ने मेधावी छात्रों को किया सम्मानित, एआई में 99 प्रतिशत लानेवाले छात्र को मिला विशेष सम्मान

जमशेदपुर : मानगो स्थित विवेकानंद इंटरनेशनल स्कूल ने आईसीएसई बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत परिणाम हासिल किया है. विद्यालय की इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में स्कूल सभागार में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बोर्ड परीक्षा के टॉपर्स सम्मानित हुए. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर के पुलिस अधीक्षक (नगर) ललित मीणा उपस्थित रहे. उन्होंने विद्यालय के शीर्ष तीन रैंकधारक विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया.
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार एवं आजादनगर थाना शांति समिति के सचिव मुख्तार आलम खान उपस्थित रहे. मौके पर सिटी एसपी ने विद्यार्थियों से कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए लक्ष्य निर्धारित करना, निरंतर मेहनत करना और अनुशासित जीवन अपनाना बेहद जरूरी है. उन्होंने छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ रचनात्मक एवं सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इससे आत्मविश्वास बढ़ता है और व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है.
विद्यालय की प्राचार्या डॉ. निधि श्रीवास्तव ने स्वागत भाषण देते हुए विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों और आईसीएसई के उत्कृष्ट परिणामों पर प्रकाश डाला. उन्होंने बताया कि विद्यालय के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं रोबोटिक्स के पहले बैच के छात्रों ने भी शानदार प्रदर्शन किया है. बताया कि इस वर्ष विद्यालय का शत-प्रतिशत रिजल्ट रहा तथा अधिकांश विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त की. वहीं कई विद्यार्थियों ने 85 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया.
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विद्यार्थियों को नशा, मोबाइल की लत एवं अन्य दुष्प्रवृत्तियों से दूर रहकर अनुशासित जीवन जीने का संदेश भी दिया. कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन शिक्षक शाहनवाज खान ने किया. इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, हाई स्कूल के विद्यार्थी एवं क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.

सम्मानित छात्र-छात्राएं :
प्रथम स्थान : नीतीश कुमार (95 प्रतिशत)
द्वितीय स्थान : आयशा तजल्ली (94 प्रतिशत)
तृतीय स्थान : मो. इमदाद हुसैन (91 प्रतिशत)

विशेष रूप से नीतीश कुमार को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विषय में 99 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया. यह शहर का दूसरा सर्वाधिक अंक बताया गया.

You may have missed