कोलकाता को मिलेगा दूसरा एयरपोर्ट, बंगाल में बड़ा ऐलान
पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के विमानन ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए कोलकाता के पास कल्याणी में एक नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की योजना की घोषणा की है। वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने 2026-27 के बजट भाषण में बताया कि बढ़ती हवाई यात्री संख्या और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए यह परियोजना शुरू की जा रही है। प्रस्तावित एयरपोर्ट के लिए करीब 1,000 से 1,500 एकड़ भूमि की आवश्यकता होगी।
बजट में विमानन क्षेत्र के विकास और एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सरकार ने भारतीय वायुसेना के रणनीतिक महत्व वाले हाशिमारा और कलाइकुंडा एयरबेस के विस्तार के लिए अतिरिक्त भूमि देने की भी घोषणा की है। हाशिमारा एयरफोर्स स्टेशन को 25 एकड़ और कलाइकुंडा एयरफोर्स स्टेशन को 37 एकड़ अतिरिक्त जमीन आवंटित की जाएगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि कल्याणी में दूसरा एयरपोर्ट बनने से कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बढ़ते दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही, राज्य के उत्तरी और पश्चिमी जिलों में नए एयरपोर्ट बनने से पर्यटन, व्यापार और निवेश के नए अवसर पैदा होंगे। पश्चिम बंगाल सरकार की यह पहल राज्य को पूर्वी भारत के एक प्रमुख एविएशन और लॉजिस्टिक्स हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
