Jamshedpur JDU Gives Memorandum To Bijli GM : बिजली की अनियमित आपूर्ति से परेशान, जीएम को ज्ञापन
स्थिति नहीं सुधरने पर जदयू ने दी आंदोलन की चेतावनी
जमशेदपुर : शहर के गैर-कंपनी कमांड क्षेत्रों और मानगो नगर निगम इलाके में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर जदयू ने कड़ा रुख अपनाया है. जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के निर्देश पर जदयू का प्रतिनिधिमंडल जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव के नेतृत्व में झारखंड विद्युत वितरण लिमिटेड के महाप्रबंधक से मिला और बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की. प्रतिनिधिमंडल ने महाप्रबंधक को बताया कि पिछले कई दिनों से जारी बिजली की आंख-मिचौनी ने आम लोगों की जिंदगी को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. मजदूर वर्ग, जो दिनभर मेहनत के बाद घर लौटता है, उसे भीषण गर्मी में बिना बिजली के रहना पड़ रहा है, जिससे परेशानियां और बढ़ गई है. साथ ही विद्यार्थियों को भी अपनी पढ़ाई पूरी करने में दिक्कत हो रही है.
महाप्रबंधक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि विभाग इस समस्या पर गंभीर है. उन्होंने अभियंताओं के साथ आकस्मिक बैठक कर जल्द समाधान के निर्देश दिए और कहा कि एक-दो दिनों में स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया जाएगा. इस दौरान युवा मोर्चा अध्यक्ष नीरज सिंह, पप्पू सिंह, अमित शर्मा, बीर सिंह देवगम, तारक मुखर्जी, मनोज सिंह, उपेंद्र सिंह, मुकेश सिंह समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे.
