अपनी पत्नी व पुत्री के साथ उपायुक्त दरबार पहुंचे शिक्षक
जमशेदपुर : जमशेदपुर लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी प्रणव महतो के नेतृत्व में आज मानगो निवासी शिक्षक बापी मंडल अपने परिवार के साथ उपायुक्त से मिले और अपने घर की बिजली जबरन काटे जाने की शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप करते हुए बिजली आपूर्ति बहाल कराने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की. मौके पर बापी ने बताया कि उनकी जमीन से जुड़ा मामला पहले झारखंड उच्च न्यायालय में विचाराधीन था, जिसके आदेश के आधार पर उनके घर में बिजली कनेक्शन दिया गया था. इसके बावजूद विरोधी पक्ष के आकाश लाहा द्वारा कथित रूप से जबरन बिजली काट दी गई.
पीडि़त शिक्षक ने आरोप लगाया कि उन्हें लगातार घर खाली करने की धमकियां दी जा रही है. उन्होंने उपायुक्त से अनुरोध किया कि उनके घर की बिजली आपूर्ति जल्द बहाल कराई जाए और मामले में उचित कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके. बताया कि जमीन से संबंधित विवाद वर्तमान में नीचली अदालत (लोअर कोर्ट) में भी विचाराधीन है, जिस कारण स्थिति और संवेदनशील बनी हुई है. मौके पर कुड़मी छात्र युवा मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष सुमित महतो, समाजसेवी सोनू सेठी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे.