पीएम आवास योजना के लाभुकों संग बैठक में शामिल हुए विधायक, प्रोजेक्ट हेड और डीएमसी
जमशेदपुर : बिरसानगर के प्रधानमंत्री आवास योजना के आवंटित मकानों की चाबी लाभुकों को देने के मुद्दे पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के बिष्टुपुर स्थित आवास पर बैठक हुई. बैठक में 75 से ज्यादा लाभुक मौजूद थे. जेएनएसी के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार और जुडको के प्रोजेक्ट मैनेजर धनंजय कुमार भी बैठक में शामिल हुए. बैठक में यह तय किया गया कि चूंकि प्रधानमंत्री आवासीय योजना क्षेत्र में सडक़, नाली, ड्रेनेज आदि का काम अधूरा है, लिहाजा 31 मई तक इन कार्यों को पूरा करने के लिए और समय चाहिए. विधायक सरयू राय ने भी कहा कि सडक़, नाली, ड्रेनेज आदि का काम प्रारंभ हो जाए तो वे मंत्री से मिलेंगे और लाभुकों को चाबी देने के लिए कहेंगे. अगर ऐसा नहीं होता है तो वह 1 जून से अनशन पर बैठ जाएंगे. इसके पूर्व श्री राय ने मंत्री से मुलाकात और उनसे हुई वार्ता की जानकारी दी. बताया कि चूंकि यह प्रोजेक्ट जुडको के पास है, मकान वही बना रहा है. अभी कई कमियां हैं। सडक़, नाली, ड्रेनेज आदि कुछ बना नहीं है. लिहाजा, जुडको ने जेएनएसी को प्रोजेक्ट हैंडओवर नहीं किया. बैठक में लाभुकों ने मांग रखी कि अथॉरिटी उन्हें चाबी दे और जो भी काम बकाया है, उसे पूरा करें. लाभुकों ने यह भी कहा कि उन सभी ने 6 मई को गृहप्रवेश की तैयारी कर रखी है.
मीटर कनेक्शन के अलग-अलग चार्ज का उठा मुद्दा
बैठक में मीटर कनेक्शन चार्ज का भी मुद्दा उठा. लाभुकों ने बताया कि रांची में मीटर फ्री में दिया गया है. बोकारो में मीटर कनेक्शन के लिए 1500 रुपये लिये गए जबकि जमशेदपुर में 13600 रुपये चार्ज किया गया. जब योजना एक ही है, तो अलग-अलग शहरों में एक ही योजना के लिए अलग-अलग चार्ज क्यों किये जा रहे हैं.