बैंक ऑफ बड़ौदा की पेशकश : ‘बॉब सीनियर सिटीजन विशेष सम्मान’
जमशेदपुर : बैंक ऑफ बड़ौदा ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक विशेष प्रीमियम बचत खाता ‘बॉब सीनियर सिटीजन विशेष सम्मान’ लांच किया है. यह खाता 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिसका उद्देश्य उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ मजबूत बैंकिंग सेवाएं प्रदान करना है. इस खाते की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें बैंकिंग सेवाओं के साथ स्वास्थ्य एवं वेलनेस से जुड़े कई लाभ भी शामिल किए गए हैं. इसके तहत ग्राहकों को ऑनलाइन मेडिकल प्लेटफॉर्म के माध्यम से परिवार के अधिकतम 6 सदस्यों के लिए नि:शुल्क ऑनलाइन डॉक्टर परामर्श की सुविधा मिलेगी. दवाइयों की खरीद पर 15 प्रतिशत तक और पैथोलॉजिकल जांच पर 20 प्रतिशत तक की छूट भी दी जाएगी. वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस खाते में हर महीने दो नि:शुल्क डोरस्टेप बैंकिंग सेवाएं दी जाएंगी, जिससे जरूरी बैंकिंग कार्य उनके घर पर ही पूरे हो सकेंगे.
बताया गया कि इस खाते के साथ ‘बॉब भूमि रुपे सेलेक्ट डेबिट कार्ड’ मुफ्त दिया जाएगा, जिसमें हेल्थ चेकअप, एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस, जिम सदस्यता, स्पा/सैलून, गोल्फ जैसी सुविधाएं शामिल हैं. ग्राहकों को रिवर्स मॉर्गेज लोन के प्रोसेसिंग शुल्क में 50 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी. यह खाता उन वरिष्ठ नागरिकों के लिए है जो 1 लाख का मासिक औसत बैलेंस बनाए रखते हैं.