April 23, 2026

Jamshedpur Golmuri Cable Town Me Sri Laxminarayan Mahayagya : भक्तों का उमड़ा सैलाब, 1100 महिलाएं कलश लेकर हुई शामिल

IMG-20260423-WA0015

न्यू केबुल टाउन में लक्ष्मीनारायण महायज्ञ समिति ने निकाली भव्य कलश यात्रा

जमशेदपुर : गोलमुरी क्षेत्र अंतर्गत न्यू केबुल टाउन में होनेवाले श्री लक्ष्मीनारायण महायज्ञ को लेकर गुरुवार को गाजे-बाजे, भक्तिमय संगीत और जयकारों के साथ भव्य कलश यात्रा निकली. ओल्ड केबुल टाउन स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर से शुरु हुई इस यात्रा में ग्यारह सौ से अधिक महिलाएं सिर पर कलश एवं नारियल लेकर शामिल हुई. कलश यात्रा में महिलाएं, बच्चे एवं युवा श्रद्धालु भक्तिमय माहौल में झूमते हुए एक साथ न्यू केबुल टाउन मैदान पहुंचे. इस दौरान गुरुदेव श्री श्री 108 जय मंगला बाबा, यज्ञाचार्य लाल मोहन शास्त्री, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, जम्मू वाले बाबा, आयोजन समिति के मुख्य संयोजक अनिल ठाकुर, शिवशंकर सिंह समेत स्थानीय निवासी शामिल हुए. इससे पहले बिरला में मंदिर में एकत्रीकरण के पश्चात कलश में पवित्र सुल्तानगंज के उत्तरवाहिनी गंगाजल भरा गया, जहां पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार से संकल्प के पश्चात कलश न्यू केबुल टाउन पहुंची.
कलश स्थापना के पश्चात पंडित लाल मोहन शास्त्री के नेतृत्व में बनारस से आए 21 सदस्यीय आचार्यों ने यज्ञशाला में बेदी निर्माण किया. कल, शुक्रवार को पंचांग पूजन, मंडप प्रवेश एवं अरणी मंथन के माध्यम से अग्निदेव का आह्वान किया जाएगा. इसके बाद प्रतिदिन सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक पूजन और अपराह्न 2 बजे से शाम 5 बजे तक हवन होगा. कलश यात्रा के उपरांत श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण किया गया.

कथावाचक रामचरित्र दास का प्रवचन कल से


महायज्ञ के अंतर्गत प्रतिदिन अपराह्न 3 से रात्रि 8.30 बजे तक भजन, कीर्तन एवं प्रवचन का आयोजन होगा. कथावाचक रामचरित्र दास जी महाराज अपने सहयोगियों के साथ संगीतमय कथा, झांकी एवं आदर्श जीवन पर आधारित प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कृति और जीवन मूल्यों का संदेश देंगे. वहीं, यज्ञशाला के समीप 108 देवी-देवताओं की भव्य प्रतिमाओं से आयोजन स्थल को दिव्य स्वरूप प्रदान किया गया है. पूरे क्षेत्र में आकर्षक विद्युत सज्जा आयोजन को और भव्य बना रहे हैं.

You may have missed