May 8, 2026

Jamshedpur Sidhgora Town Hall Me Bless Jharkhand : सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्राप्त की परमेश्वर की आशीष

IMG-20260508-WA0000

भजनों और प्रार्थनाओं से भक्तिमय बना सिदगोड़ा बिरसा मुंडा टाउन हॉल मैदान

जमशेदपुर : बाराक दि गॉस्पेल बैंड टीम की ओर से सिदगोड़ा टाउन हॉल में चले आत्मिक जागृति सभा ‘ब्लेस झारखंड’ का आज दूसरे दिन समापन हो गया. कार्यक्रम में मसीही समाज के सैकड़ों विश्वासी शामिल हुए और प्रभु यीशु मसीह की आराधना एवं प्रार्थना में सम्मिलित होकर आशीष प्राप्त की. शाम की सभा का संचालन पास्टर शॉउल ने किया, जबकि कार्यक्रम की शुरुआत पास्टर मधु नायक की प्रार्थना से हुई. इसके बाद बाराक दि गॉस्पेल बैंड के आराधक दल ने प्रभु यीशु मसीह की स्तुति और आराधना प्रस्तुत की. मुख्य आराधक पास्टर शमी हंस एवं उनकी पत्नी सिस्टर परी हंस ने उपस्थित विश्वासियों को आत्मिक आराधना में सहभागी बनाया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा. इस दौरान ‘मैं तो मसीह के लिए पागल हूं’, ‘करूं मैं तेरी बंदना’, ‘रब की होवे सन्ना’ तथा ‘बल्ले-बल्ले यीशु तेरी बल्ले-बल्ले’ जैसे भजनों ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया.
सभा की मुख्य वक्ता डॉ. महिमा अरुल थॉमस ने पवित्र बाइबल से संदेश देते हुए कहा कि यदि माता-पिता परमेश्वर की इच्छा के अनुरूप जीवन व्यतीत करते हैं, तो उसका सकारात्मक प्रभाव आनेवाली पीढिय़ों पर भी पड़ता है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार में प्रभु यीशु मसीह को सर्वोच्च स्थान मिलना चाहिए. साथ ही, यदि समाज, कार्यस्थल और राष्ट्र के प्रति भी पवित्र आचरण अपनाया जाए, तो देश और प्रदेश में सकारात्मक एवं आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण होगा. उन्होंने उपस्थित विश्वासियों के लिए विशेष प्रार्थना की. धन्यवाद ज्ञापन समीर कुमार ने दिया, जबकि समापन प्रार्थना पास्टर मनोज चरण ने की.
आयोजन में बाराक टीम के साथ प्रेयर फ्लेम, पास्टर्स एंड लीडर्स फेलोशिप, क्रिश्चियन यूथ एसोसिएशन तथा वेलफेयर मिशन ऑफ इंडिया ने सह-आयोजक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. आयोजन समिति में समीर, पास्टर शॉउल, पास्टर अल्फ्रेड, पास्टर मधु, पास्टर जेनिफर, पास्टर नोएल, पास्टर अभिषेक, पास्टर राकेश, पास्टर आकाशदीप, पास्टर सुरेश, पास्टर दीपक, पास्टर विनय, भाई बीजू, भाई सुशांत, भाई संजीव, भाई जोएल, सिस्टर डिलीत, सिस्टर मारग्रेट, सिस्टर रोशनी एवं सिस्टर निक्की सहित शहर के विभिन्न चर्चों और संस्थाओं के पास्टर्स एवं लीडर्स की सक्रिय सहभागिता रही.

You may have missed