Jamshedpur Suman Art Exhibition : सुमन ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर लहराया भारत का परचम
थाईलैंड में चमकी शहर की कला
जमशेदपुर : शहर की बेटी सुमन प्रसाद ने थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में आयोजित थाईलैंड इंटरनेशनल आर्ट प्रदर्शनी में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी कला का परचम लहराया है. तीन दिवसीय यह प्रदर्शनी 30 मार्च से 1 अप्रैल तक ‘भारतीय देवता व भारतीय देवियां’ थीम पर आयोजित हुई, जिसमें दुनिया भर के कलाकारों ने भाग लिया.
सुमन ने इस मंच पर अपनी दो विशेष कृतियाँ प्रस्तुत की. पहली कृति “अनंता ऐश्वर्या” में भगवान गणेश के माध्यम से अनंत समृद्धि, ज्ञान और दिव्यता का सजीव चित्रण किया गया. वहीं दूसरी कृति “समाधि” भगवान शिव पर आधारित रही, जिसमें ध्यान, आंतरिक शांति और ब्रह्मांड से जुड़ाव को दर्शाया गया. उनकी इन दोनों कृतियों को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों ने काफी सराहा.
सुमन ने कहा कि यह उनके जीवन का सबसे गर्व का क्षण है, जब उन्होंने अपनी कला के माध्यम से देश, राज्य और शहर का प्रतिनिधित्व किया. सुमन को नेशन प्राइड अवार्ड सहित कई राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हो चुके हैं. उनकी कला को बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद और नेहा धूपिया जैसे कलाकारों ने भी सराहा है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उन्हें प्रशंसा पत्र मिल चुका है.

