जमशेदपुर : हनुमान जयंती पर मेयर सुधा गुप्ता एवं पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने मानगो स्थित त्रयम्बकम हनुमान मंदिर पहुंचकर श्रद्धालु राम भक्तों के साथ महाआरती में शामिल हुए. इस दौरान पूरा वातावरण भक्ति, आस्था और उल्लास से सराबोर हो उठा. दीपों की जगमगाहट, भजनों की मधुर ध्वनि और श्रद्धालुओं की आस्था ने इस आयोजन को अत्यंत दिव्य और अलौकिक बना दिया. मौके पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि हनुमान जयंती केवल एक पर्व नहीं, बल्कि धर्म, भक्ति और सेवा का संदेश देने वाला महान अवसर है. मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि भगवान हनुमान जी की भक्ति हमें शक्ति, साहस, सेवा और समर्पण की प्रेरणा देती है. दोनों ने समाज में सुख-शांति की कामना भगवान से की. इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर एवं आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया. कार्यक्रम में काफी संख्या में महिला, पुरुष, युवा एवं बुजुर्ग श्रद्धालु शामिल हुए. इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे. बाद में बन्ना गुप्ता एवं सुधा गुप्ता ने श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद एवं लड्डू का वितरण किया.