जमशेदपुर : कांग्रेस के जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने शहर की बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि ज़िले में हालात लगातार खराब होती जा रही है, जिससे आम लोगों में भय का माहौल है. उन्होंने आरोप लगाया कि यहां हत्या और चापड़ जैसे हथियारों से हमलों की घटनाएं आम हो चुकी है. अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस-प्रशासन इस पर नियंत्रण करने में विफल साबित हो रहा है. श्री सिंह ने ट्रैफिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि शहर में जाम की समस्या गंभीर हो चुकी है. जगह-जगह लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. आरोप लगाया कि एसएसपी ट्रैफिक सुधार के बजाय केवल हेलमेट चेकिंग पर ध्यान दे रहे हैं. नशे पर भी रोक नही लग पा रही है. इसके अलावा सट्टा जैसे अवैध धंधों के खुलेआम संचालन का भी आरोप लगाया. प्रशासन से मांग की कि वह इन सभी मुद्दों पर तुरंत सख्त कार्रवाई करे.