जमशेदपुर : शहर में सोमवार को हुई हल्की बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दिलाई. पिछले कई दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा था और तेज धूप व उमस के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा था. ऐसे में दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली और हल्की बारिश के साथ ठंडी हवाएं चलीं, जिससे मौसम सुहावना हो गया. बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने राहत की सांस ली. खासकर बाजारों और सडक़ों पर लोगों की आवाजाही बढ़ गई, वहीं बच्चों और युवाओं ने भी मौसम का आनंद लिया.
हालांकि, मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि यह राहत ज्यादा समय तक नहीं टिकेगी. विभाग के अनुसार मंगलवार को फिर से तेज गर्मी पडऩे की संभावना है और लू (हीट वेव) चलने का अलर्ट जारी किया गया है. दिन के समय तापमान में फिर से बढ़ोत्तरी हो सकती है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और धूप से बचाव के उपाय अपनाएं. स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश से थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन अगर लू का असर बढ़ता है तो परेशानी फिर बढ़ सकती है. ऐसे में सभी की नजरें अब आने वाले दिनों के मौसम पर टिकी हुई है.