जमशेदपुर : अमृत वेला परिवार द्वारा आयोजित ‘अमृत वेला समागम’ कदमा स्थित गुरुद्वारा साहिब में श्रद्धा और भक्ति के के साथ संपन्न हुआ. कार्यक्रम में काफी संख्या में संगत ने भाग लेकर गुरु जस और कीर्तन का रसास्वादन किया. सुबह से ही पूरे परिसर में गुरुबाणी के स्वर गूंजते रहे, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया. समागम में विशेष रूप से नन्हे हरजस सिंह की लगन और नियमित उपस्थिति की सराहना की गई. रविवार को तडक़े 4.30 बजे से ही कीर्तन की शुरुआत हो गई. ‘बोले सो निहाल’ के जयकारों से गुरुद्वारा परिसर गूंज उठा. अमृत वेला परिवार द्वारा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय कर ली गई है. मंगलवार को मनीफीट गुरुद्वारा साहिब में शाम 7 से 8 बजे तक विशेष कीर्तन दरबार का आयोजन होगा, जो परमजीत सिंह परिवार की ओर से आयोजित होगा. इसके अलावा 26 अप्रैल को पहली बार बागबेड़ा गुरुद्वारा साहिब (रोड नंबर 1) में बड़े स्तर पर समागम आयोजित करने की तैयारी है. अमृत वेला परिवार को सेवा के इस कार्य में लगभग ढाई वर्ष पूरे होनेवाले हैं. गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और स्त्री सत्संग सभा का भी आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग मिल रहा है.