करीम सिटी कॉलेज में जयंती पर सेमिनार आयोजित
जमशेदपुर : करीम सिटी कॉलेज के इतिहास विभाग द्वारा अंबेडकर जयंती पर “बी.आर. अंबेडकर का योगदान और फिलॉसफी” विषय पर सेमिनार का आयोजन हुआ. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. बी एन त्रिपाठी ने वर्तमान भारत में डॉ. अंबेडकर की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए संवैधानिक नैतिकता, समानता और सामाजिक न्याय के महत्व को रेखांकित किया. विभागाध्यक्ष डॉ. कौसर तस्नीम एवं डॉ. मोहम्मद शाहनवाज़ की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए. मो. रेहान रज़ा और आयुष्मान शर्मा ने डॉ. अंबेडकर के विविध योगदानों पर विस्तृत प्रस्तुति दी. उन्होंने संविधान निर्माण में उनकी भूमिका, जाति व्यवस्था की आलोचना, महिलाओं के अधिकारों के लिए उनके प्रयास तथा औद्योगिकीकरण और सामाजिक समानता पर आधारित उनके आर्थिक दृष्टिकोण पर प्रकाश डाला.
वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर के प्रसिद्ध नारे “शिक्षित बनो, संगठित हो, संघर्ष करो” को सामाजिक परिवर्तन का प्रभावी मार्ग बताते हुए उस पर विशेष जोर दिया. इस दौरान ऐतिहासिक दृष्टिकोण और समकालीन संदर्भों के समन्वय से उपस्थित लोगों में गंभीर चिंतन को प्रेरित किया गया.