मौसमी भट्टाचार्य को मिला ‘हार्ट ऑफ गोल्ड अवार्ड’
जमशेदपुर : बिस्टुपुर स्थित दी मिलानी में बांग्ला नववर्ष पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमे कोलकाता से आए संगीत कलाकारों ने संगीत प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध किया. कार्यक्रम में समाजसेवा में उत्कृष्ट योगदान देनेवाले संगठनों और व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया. इसी क्रम में प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन (टीम पीएसएफ) को मानव कल्याण के क्षेत्र में निरंतर कार्य करने के लिए ‘ह्यूमैनिटी फर्स्ट अवार्ड–मानव सेवा सम्मान’ तथा मौसमी भट्टाचार्य को उनके समर्पण और सेवाभाव के लिए ‘हार्ट ऑफ गोल्ड अवार्ड’ प्रदान किया गया.
ज्ञात हो कि ‘टीम पीएसएफ’ पिछले लगभग 30 वर्षों से समाजसेवा के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय है. संस्था द्वारा रक्तदान और एसडीपी रक्तदान अभियान, पिछले 15 वर्षों से प्रतिदिन करीब 200 जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराना, सुदूरवर्ती गांवों में शौचालय (इज्जत घर) निर्माण, स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन तथा आदिवासी एवं सबर समुदाय के उत्थान और शिक्षा के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं. यह सम्मान दी मिलानी के अध्यक्ष एवं समाजसेवी शेखर डे ने प्रदान किया. पुरस्कार प्राप्त करनेवालों में संस्था के निदेशक अरिजीत सरकार समेत कुमारेस हाजरा, उत्तम कुमार गोराई, रवि शंकर और शुभेंदु मुखर्जी मौजूद रहे. अरिजीत सरकार ने सम्मान को पूरी टीम को समर्पित करते हुए दी मिलानी के प्रति आभार व्यक्त किया.