सर्च न्यूज: सच के साथ: आकाश मोदी को सत्र 2026-27 के लिए मारवाड़ी युवा मंच, स्टील सिटी शाखा का नया अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। इस संबंध में आधिकारिक घोषणा झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच के प्रांतीय अध्यक्ष विशाल पडिया, प्रांतीय महामंत्री दीपक गोयंका, पर्यवेक्षक विकास अग्रवाल और चुनाव पदाधिकारी प्रवीण अग्रवाल द्वारा रांची में की गई। इस घोषणा के बाद से स्टील सिटी शाखा के युवा साथियों और मंच परिवार में काफी उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष आकाश मोदी ने इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह दायित्व उनके लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि समाज और संगठन के प्रति एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने संकल्प लिया कि वे अपनी पूरी टीम के साथ मिलकर “जोश और होश” के अद्भुत समन्वय से कार्य करेंगे। उनका मुख्य उद्देश्य संगठन को एक नई ऊर्जा, नई सोच और नए आयाम प्रदान करना रहेगा। उन्होंने मारवाड़ी युवा मंच के मूल सिद्धांतों पर जोर देते हुए कहा कि यह संगठन सदैव सेवा, संस्कार और संगठन के मूल्यों पर आधारित रहा है। आगामी सत्र में उनकी प्राथमिकताओं में युवाओं को बढ़-चढ़कर संगठन से जोड़ना शामिल रहेगा। इसके साथ ही वे वरिष्ठ जनों के मार्गदर्शन और सहयोग से समाज सेवा के कार्यों को और अधिक विस्तार देने का प्रयास करेंगे।