May 28, 2026

“जिम्मेदारी मेरी है…” CBSE OSM विवाद पर बोले शिक्षा मंत्री, छात्रों को दिया बड़ा भरोसा

cbse-osm-controversy-dharmendra-pradhan-responds-takes-responsibility-for-discrepencies-285638648-16x9_0

CBSE के ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) सिस्टम को लेकर देशभर में उठे विवाद के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आखिरकार अपनी चुप्पी तोड़ी है। छात्रों और अभिभावकों के बढ़ते गुस्से के बीच उन्होंने साफ कहा कि इस पूरे मामले की जिम्मेदारी वह लेते हैं और अगर मूल्यांकन प्रक्रिया में कोई गड़बड़ी पाई गई तो किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, “मैं जिम्मेदारी लेता हूं। समस्या का समाधान निकाला जाएगा और हम इस पर लगातार काम कर रहे हैं।” मंत्री के इस बयान के बाद लाखों छात्रों को कुछ राहत जरूर मिली है, जो पिछले कई दिनों से रिजल्ट और री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया को लेकर परेशान थे।

दरअसल, CBSE के नए ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम को लेकर छात्रों ने कई गंभीर शिकायतें की थीं। कई छात्रों का आरोप है कि उनकी उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी धुंधली थी, कुछ जवाब चेक ही नहीं किए गए और री-इवैल्यूएशन पोर्टल बार-बार क्रैश हो रहा था। इसके अलावा पेमेंट फेल होने और प्रक्रिया को लेकर भ्रम जैसी समस्याएं भी सामने आईं।

सोशल मीडिया पर भी यह मुद्दा तेजी से ट्रेंड करने लगा था। छात्रों और अभिभावकों ने सवाल उठाए कि जब भविष्य का फैसला करने वाली परीक्षा प्रक्रिया डिजिटल हो रही है, तो उसमें इतनी बड़ी तकनीकी खामियां कैसे रह गईं।

अब शिक्षा मंत्री के बयान के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि CBSE जल्द ही इस मामले में कोई बड़ा फैसला ले सकता है। सूत्रों की मानें तो बोर्ड तकनीकी खामियों की जांच कर सकता है और जरूरत पड़ने पर प्रभावित छात्रों को राहत देने के विकल्पों पर भी विचार हो सकता है।

फिलहाल, लाखों छात्रों की नजर अब CBSE और शिक्षा मंत्रालय के अगले कदम पर टिकी है। क्योंकि यहां सिर्फ नंबरों का मामला नहीं, बल्कि छात्रों के भविष्य और भरोसे का सवाल भी जुड़ा हुआ है।

You may have missed