June 6, 2026

कैरव गांधी अपहरण कांड में बढ़ी हलचल, जमानत पर टिकीं निगाहें

Screenshot_20260605_163558_Chrome

जमशेदपुर: शहर के चर्चित कैरव गांधी अपहरण कांड में एक बार फिर कानूनी हलचल तेज हो गई है। मामले में जेल में बंद आरोपी रमीज रजा की जमानत याचिका पर अब 9 जून को अदालत में सुनवाई होगी, जबकि फरार चल रहे शाद आलम की अग्रिम जमानत याचिका पर 12 जून को फैसला होने की उम्मीद है। ऐसे में इस हाई-प्रोफाइल मामले की ओर एक बार फिर सबकी निगाहें टिक गई हैं।

यह वही मामला है जिसने जनवरी में पूरे जमशेदपुर को हिलाकर रख दिया था। उद्योगपति कैरव गांधी का कथित तौर पर 13 जनवरी को कदमा-सोनारी लिंक रोड से अपहरण कर लिया गया था। घटना के बाद पुलिस पर भारी दबाव था, लेकिन लगातार छापेमारी और जांच के बाद 26 जनवरी को उन्हें सकुशल बरामद कर लिया गया।

जांच आगे बढ़ी तो मामले की परत-दर-परत खुलती गई। पुलिस ने झारखंड के बाहर बिहार, कोलकाता और लुधियाना समेत कई स्थानों पर कार्रवाई कर अनेक आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस मामले में अब तक 11 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और पुलिस पहले ही आरोपपत्र भी दाखिल कर चुकी है।

अदालत ने रमीज रजा की जमानत याचिका पर सुनवाई से पहले पुलिस को केस डायरी प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। वहीं, फरार आरोपी शाद आलम ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अग्रिम जमानत की मांग की है, जिस पर 12 जून को सुनवाई होगी।

मामले के अन्य आरोपियों की जमानत याचिकाओं पर भी कानूनी प्रक्रिया जारी है। कुछ आरोपियों की जमानत पहले ही अदालत खारिज कर चुकी है, जबकि अन्य की याचिकाएं विचाराधीन हैं। ऐसे में आने वाले दिनों की सुनवाई इस चर्चित अपहरण कांड की दिशा तय कर सकती है।

कैरव गांधी अपहरण कांड न केवल जमशेदपुर बल्कि पूरे राज्य में चर्चा का विषय बना रहा है। अब अदालत की अगली तारीखों पर सबकी नजरें हैं, क्योंकि इन्हीं सुनवाइयों से मामले में आगे की कानूनी तस्वीर और स्पष्ट होगी।

You may have missed