जमशेदपुर : सबर जनजाति के जरूरतमंद परिवारों के बीच शीत ऋतु को ध्यान में रखते हुए कंबल वितरण किया गया. यह कार्यक्रम के. के. बिल्डर प्राइवेट लिमिटेड के सौजन्य से सम्पन्न हुआ, जिसमें कंपनी के प्रबंध निदेशक विकास सिंह की धर्मपत्नी रश्मि सिंह एवं उनकी बहन ऊषा सिंह की विशेष उपस्थिति रही. कंबल वितरण कार्यक्रम पूर्वी सिंहभूम जिले के बीहड़ एवं दुर्गम इलाकों में स्थित गुड़ाबांधा प्रखंड के ग्राम धोबोडूंगरी, अर्जुनबेडा, धातकीडीह, मकड़ी, जवालकाटा, फुलकुटा, सिंहपुरा एवं पुखुरिया में सम्पन्न हुआ. कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे तथा सभी लाभार्थियों को कंबल वितरित किए गए. इसे सफल बनाने में रानी सबरीन का महत्वपूर्ण योगदान रहा. स्थानीय लोगों ने इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया.