विधायकों की बैठक में चुने गये विधायक दल के नेता, अमित शाह ने किया नाम का ऐलान
कोलकाता : कोलकाता में शुक्रवार को शाम को हुई विधायकों की बैठक में सुवेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल बीजेपी विधायक दल का नेता चुन लिया गया है. इसके साथ ही राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम पर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है. विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से उनके नाम पर मुहर लगी. वे कल सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. बैठक में पर्यवेक्षक के रुप में मौजूद केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कोलकाता में बीजेपी विधायक दल की बैठक के बाद सुवेंदु अधिकारी के नाम की आधिकारिक घोषणा की. उन्होंने कहा कि सभी विधायकों ने एकमत से सुवेंदु अधिकारी के नाम का समर्थन किया और किसी अन्य नाम का प्रस्ताव नहीं आया. शाह ने यह भी स्पष्ट किया कि पश्चिम बंगाल में कोई उपमुख्यमंत्री नहीं बनेगा. ज्ञात हो कि पश्चिम बंगाल में पहली बार बीजेपी ने बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है. पार्टी ने 207 सीटों पर जीत दर्ज कर राज्य की सत्ता पर कब्जा किया. चुनाव परिणाम आने के बाद से ही मुख्यमंत्री पद के लिए सुवेंदु अधिकारी का नाम सबसे आगे चल रहा था, जिस पर अब अंतिम मुहर लग गई. अमित शाह ने कहा कि बंगाल में लंबे समय से ऐसा माहौल बना दिया गया था, जिसमें स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान मुश्किल हो गया था. उन्होंने दावा किया कि इस बार राज्य में लोकतांत्रिक माहौल में चुनाव हुए और जनता ने बीजेपी पर भरोसा जताया. शाह ने कहा कि नई सरकार ‘सोनार बांग्ला’ के संकल्प के साथ आगे बढ़ेगी और राज्य को भयमुक्त बनाने का काम करेगी.
घुसपैठ पर अपनाया जाएगा सख्त रुख
अमित शाह ने कहा कि देश की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने कहा कि बंगाल की जीत केवल राजनीतिक जीत नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा जनादेश है. शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके शासन में लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर हुई थी. उन्होंने दावा किया कि बीजेपी सरकार राज्य में पारदर्शी और विकास आधारित शासन देगी. अमित शाह ने बंगाल की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि बीजेपी जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेगी.