June 30, 2026

मतदाता सूची अभियान में जुटे वॉलंटियर्स, मिला बड़ा जिम्मा

Screenshot_20260630_192258_Chrome

जमशेदपुर में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में रविन्द्र भवन सभागार में जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के बूथ लेवल ऑफिसर्स (BLO) और उनके साथ कार्य करने वाले वॉलंटियर्स का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन ने प्रशिक्षण का निरीक्षण करते हुए सभी प्रतिभागियों को निष्पक्षता, जिम्मेदारी और पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्व निभाने के निर्देश दिए।

प्रशासन के अनुसार 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक जिले के सभी मतदान केंद्रों पर वॉलंटियर्स संबंधित BLO के साथ मिलकर घर-घर संपर्क अभियान चलाएंगे। उनका प्रमुख कार्य अनट्रेस्ड मतदाताओं की पहचान, सत्यापन, आवश्यक प्रपत्रों की जानकारी देना तथा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने या त्रुटियों के सुधार में सहायता करना होगा। यह अभियान निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि किसी पात्र नागरिक, प्रवासी श्रमिक या अन्य योग्य मतदाता को SIR प्रक्रिया में किसी प्रकार की कठिनाई आती है तो वॉलंटियर्स उसकी जानकारी तत्काल संबंधित BLO, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO), निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) और जिला निर्वाचन पदाधिकारी तक पहुंचाएंगे। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।

जिला प्रशासन ने विशेष रूप से निर्देश दिया है कि अभियान के दौरान वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, बीमार व्यक्तियों, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों और अन्य संवेदनशील मतदाताओं को प्राथमिकता के आधार पर सहायता उपलब्ध कराई जाए। निर्वाचन आयोग का मानना है कि व्यापक जनसहभागिता और वॉलंटियर्स की सक्रिय भूमिका से SIR-2026 अभियान अधिक प्रभावी होगा तथा आगामी चुनावों के लिए एक सटीक और समावेशी मतदाता सूची तैयार की जा सकेगी।