NEET का सपना टूटा, जिंदगी भी हार गई
गाजियाबाद के विजयनगर से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। 22 वर्षीय एक NEET अभ्यर्थी ने अपने कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। परिवार को तब घटना की जानकारी हुई जब सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला। दरवाजा खोलने पर छात्र का शव अंदर लटका मिला, जिसके बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
मामले को और भी भावुक बना देने वाली बात यह है कि छात्र ने मौत से पहले अपने मोबाइल फोन में एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। वीडियो में उसने स्वीकार किया कि वह NEET परीक्षा में सफलता नहीं मिलने से निराश था। उसने यह भी कहा कि उसकी मौत के लिए किसी अन्य व्यक्ति को जिम्मेदार न ठहराया जाए।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। यह घटना एक बार फिर प्रतियोगी परीक्षाओं के बढ़ते दबाव, मानसिक स्वास्थ्य और युवाओं पर सफलता की दौड़ के असर को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। एक डॉक्टर बनने का सपना देखने वाला युवा आखिरकार उसी सपने के बोझ तले जिंदगी की जंग हार गया।
