June 24, 2026

नकली ब्लड प्लाज्मा का खेल! ऐसे हो रहा था करोड़ों का घोटाला

gcrjfb5c_gujarat-blood-plasma-racket_625x300_24_June_26

अहमदाबाद में पुलिस ने एक बड़े नकली ब्लड प्लाज्मा रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह दवा कंपनियों को भेजे जाने वाले जीवनरक्षक ब्लड प्लाज्मा बैग्स में कथित मिलावट कर अवैध कमाई कर रहा था। पुलिस की कार्रवाई ने स्वास्थ्य व्यवस्था की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी दिनेशभाई उमाभाई चौधरी पहले फार्मास्युटिकल कंपनियों में ब्लड प्लाज्मा कलेक्शन एग्जीक्यूटिव के रूप में काम कर चुका था। इसी अनुभव का फायदा उठाकर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक सुनियोजित साजिश रची। गिरोह में प्लाज्मा ट्रांसपोर्ट वाहन के चालक और सह-चालक भी शामिल थे, जो प्लाज्मा की खेप से जुड़ी जानकारी आरोपी तक पहुंचाते थे।

जांच में सामने आया कि महाराष्ट्र के विभिन्न ब्लड बैंकों से शुद्ध प्लाज्मा इकट्ठा करने के बाद वाहन को दवा कंपनी तक पहुंचाने से पहले आरोपी के ठिकाने पर ले जाया जाता था। वहां उच्च गुणवत्ता वाले प्लाज्मा यूनिट निकालकर उनकी जगह मिलावटी प्लाज्मा बैग रख दिए जाते थे, ताकि खेप की संख्या में कोई कमी दिखाई न दे। इस तरीके से गिरोह लंबे समय से कथित तौर पर धोखाधड़ी को अंजाम दे रहा था।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 12.06 लाख रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की है। बरामद सामान में 1,140 ब्लड प्लाज्मा यूनिट, डीप फ्रीजर, केमिकल की बोतलें, सीलिंग मशीन, खाली प्लाज्मा बैग और अपराध में इस्तेमाल की गई एक पिकअप गाड़ी शामिल है। पुलिस ने मामले में कई गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच तेज कर दी है और आशंका जताई जा रही है कि इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की भी जल्द गिरफ्तारी हो सकती है।