सर्च न्यूज: सच के साथ: कांग्रेस नेता ने देश में लगातार सामने आ रहे परीक्षा घोटालों और NEET परीक्षा विवाद को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने लंबे बयान में उन्होंने कहा कि देश के लाखों छात्रों का भविष्य एक भ्रष्ट व्यवस्था की वजह से बर्बाद हो रहा है।
राहुल गांधी ने लखीमपुर खीरी के 21 वर्षीय छात्र रितिक मिश्रा का जिक्र करते हुए कहा कि वह तीसरी बार NEET परीक्षा दे रहा था, लेकिन परीक्षा रद्द होने की खबर सुनते ही टूट गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि गोवा में एक अन्य NEET अभ्यर्थी ने आत्महत्या कर ली। राहुल गांधी ने कहा कि ये सिर्फ आत्महत्याएं नहीं हैं, बल्कि “सिस्टम द्वारा की गई हत्या” हैं।
उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि 2015 से 2026 के बीच देश में 148 परीक्षा घोटाले सामने आए, जिनमें 87 परीक्षाएं रद्द करनी पड़ीं और करीब 9 करोड़ छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ। उनके अनुसार, इतने बड़े मामलों के बावजूद केवल एक मामले में सजा हुई, जबकि CBI और ED की जांच के बाद भी कई मामलों में किसी पर कार्रवाई नहीं हुई।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि परीक्षा घोटालों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और नेताओं ने इस्तीफा तक नहीं दिया, बल्कि कई मामलों में उन्हें दोबारा बड़े पदों पर नियुक्त कर दिया गया। उन्होंने प्रधानमंत्री से सवाल करते हुए कहा कि आखिर कब तक छात्रों को इस व्यवस्था की कीमत चुकानी पड़ेगी।अपने संदेश के अंत में राहुल गांधी ने युवाओं को भरोसा दिलाया कि उनकी लड़ाई छात्रों के साथ है और परीक्षा घोटालों के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि मेहनत करने वाले युवाओं का भविष्य चोरी करने वालों को जवाब देना होगा।