मंदिर से पूजा कर लौट रहे थे घर, घात लगाकर बैठे अपराधियों ने बनाया निशाना
रांची : राजधानी में अपराधियों के बढ़ते हौसलों का एक और खौफनाक उदाहरण मंगलवार को सामने आया, जब पंडरा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े गोलीबारी की सनसनीखेज घटना हुई. ओटीसी ग्राउंड के पास बाइक सवार बदमाशों ने एक जमीन कारोबारी को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए. घायल की पहचान भार्गव सिंह के रूप में हुई है. उन्हें गंभीर हालत में तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भार्गव सिंह मंदिर में पूजा करने के बाद घर लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे तीन अपराधियों ने पीछे से उन पर अचानक गोलियां चला दीं.
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके. शुरुआती जांच में जमीन विवाद या पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है. इस घटना ने एक बार फिर राजधानी की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.