Swearing-in ceremony at Raj Bhavan:राजभवन में गरिमामय शपथ ग्रहण समारोह, राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में सूचना आयुक्तों ने संभाली जिम्मेदारी
सर्च न्यूज: सच के साथ: रांची। झारखंड की राजधानी रांची स्थित राजभवन के लोकभवन में नव नियुक्त राज्य सूचना आयुक्तों के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। इस अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने सभी नव नियुक्त राज्य सूचना आयुक्तों को शपथ ग्रहण की शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त आयुक्तों से निष्पक्षता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सूचना आयोग नागरिकों और सरकार के बीच विश्वास को मजबूत करने वाला एक महत्वपूर्ण संस्थान है तथा इसके माध्यम से लोगों को समयबद्ध और निष्पक्ष सूचना उपलब्ध कराने की व्यवस्था और सुदृढ़ होगी।
समारोह में उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों एवं गणमान्य लोगों ने भी नव नियुक्त सूचना आयुक्तों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि उनके अनुभव और कार्यशैली से आयोग की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी तथा सूचना के अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को नई गति मिलेगी।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने आधिकारिक संदेश में कहा कि सभी नव नियुक्त राज्य सूचना आयुक्त झारखंड की जनता के हितों को सर्वोपरि रखते हुए पारदर्शी, जवाबदेह और सुशासन की भावना को और अधिक मजबूत करेंगे। उन्होंने सभी आयुक्तों को उज्ज्वल एवं सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं और जोहार दिया।
