दो युवक गिरफ्तार‚ ब्राउन शुगर के साथ रंगेहाथ पकड़े गए
कपाली, सरायकेला-खरसावां: जिले के कपाली ओपी थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को ब्राउन शुगर के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बुधवार शाम करीब 5 बजे उस समय हुई जब क्षेत्र में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
पूछताछ में पता चला कि गिरफ्तार किए गए युवकों में एक नशे का तस्कर है, जबकि दूसरा उससे ब्राउन शुगर खरीदने आया था।इस पूरी कार्रवाई में कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के नेतृत्व में सब-इंस्पेक्टर अनीता सौरेन, खुर्शीद आलम, हुसैन अंसारी तथा सशस्त्र बलों की टीम शामिल रही। सभी ने मिलकर अभियान को सफल बनाते हुए क्षेत्र में नशे के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया।
थाना प्रभारी धीरंजन कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि क्षेत्र में नशाखोरी, बाइक रेसिंग, अड्डेबाजी और अन्य असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की निगरानी और छापेमारी की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि क्षेत्र को अपराध और नशे से मुक्त रखा जा सके।
