बैंक में बंधक, सीने पर ‘बम’ का दावा… अमेरिका में घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा
अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित बेकर्सफील्ड शहर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक शख्स ने अपने सीने पर बम बंधा होने का दावा करते हुए Chase Bank के अंदर कई लोगों को बंधक बना लिया। देखते ही देखते पूरा इलाका पुलिस, SWAT टीम, FBI एजेंट्स और बम निरोधक दस्तों से घिर गया।
शुरुआत में पुलिस इस घटना को “होस्टेज सिचुएशन” कहने से बचती रही, लेकिन शाम होते-होते अधिकारियों ने पुष्टि की कि मामला वास्तव में बंधक संकट का है। राहत की बात यह रही कि अंदर मौजूद लोगों के सुरक्षित होने की जानकारी दी गई है और FBI के बातचीत विशेषज्ञ लगातार संदिग्ध से संपर्क में हैं।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों में भारी हथियारों से लैस SWAT टीमें, बख्तरबंद गाड़ियां और पूरे इलाके में फैला तनाव साफ दिखाई दिया। पुलिस ने लोगों से डाउनटाउन क्षेत्र से दूर रहने की अपील की है।
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि संदिग्ध के पास वास्तव में विस्फोटक है या नहीं, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां किसी भी खतरे को हल्के में लेने के मूड में नहीं हैं। अमेरिका के इस हाई-वोल्टेज ड्रामे ने एक बार फिर सार्वजनिक सुरक्षा और बैंक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
