भरत तिवारी मामला अब दिल्ली पहुंचेगा, जंतर-मंतर पर बड़ा ऐलान
बिहार के भोजपुर जिले में भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर न्याय की मांग अब राष्ट्रीय स्तर पर पहुंच गई है। शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आंदोलन को तेज करने का फैसला लिया गया। वक्ताओं ने कहा कि न्याय मिलने तक कानूनी लड़ाई और जनआंदोलन दोनों समानांतर रूप से जारी रहेंगे।
आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन दिलाने के लिए हस्ताक्षर अभियान भी शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इसके माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों का समर्थन जुटाकर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा। आंदोलन से जुड़े लोगों का कहना है कि वे पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय सुनिश्चित कराने की मांग को राष्ट्रीय मंच पर मजबूती से उठाएंगे।
भरत भूषण तिवारी की तेरहवीं के अवसर पर हुई इस बैठक ने स्पष्ट संकेत दिया कि यह मामला अब केवल एक गांव या जिले तक सीमित नहीं रहेगा। आंदोलन के आयोजकों का दावा है कि आने वाले दिनों में देश के विभिन्न राज्यों में भी जनसमर्थन जुटाया जाएगा, ताकि न्याय की मांग को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाया जा सके।
