गोरुमहिसानी को नया ब्लॉक बनाने की मांग तेज, सर्वदलीय बैठक में लिए गए कई निर्णय
रायरंगपुर। मयूरभंज जिले के रायरंगपुर प्रखंड अंतर्गत गोरुमहिसानी लौह अयस्क खनन क्षेत्र को अलग ब्लॉक का दर्जा देने की मांग जोर पकड़ रही है। गुरुवार को गोरुमहिसानी स्थित मां गायत्री मंदिर प्रांगण में आयोजित सर्वदलीय बैठक में यह मुद्दा प्रमुख रूप से उठाया गया।बैठक की अध्यक्षता विधायक प्रतिनिधि सह समाजसेवी अशोक कुमार महांत ने की। मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश सचिव नवीन कुमार राम और मुख्य वक्ता रायरंगपुर प्रखंड अध्यक्ष ज्ञानरंजन हेम्ब्रम सहित विभिन्न दलों के नेता, सरपंच, बुद्धिजीवी और आम लोग उपस्थित थे।वक्ताओं ने कहा कि गोरुमहिसानी एशिया का सबसे बड़ा लौह अयस्क खनन क्षेत्र है और इसे टाटा स्टील की मातृ खदान भी कहा जाता है। रायरंगपुर ब्लॉक कार्यालय यहां से करीब 17 किमी दूर है, जबकि कई पंचायतों के लोगों को 35 से 45 किमी की दूरी तय करनी पड़ती है। ऐसे में ग्रामीणों की सुविधा के लिए गोरुमहिसानी को अलग ब्लॉक बनाया जाना जरूरी है।
