वर्ल्ड कप में मेसी का महाविस्फोट, टूटा 17 गोल का रिकॉर्ड
फीफा विश्व कप 2026 में अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। ऑस्ट्रिया के खिलाफ ग्रुप-जे मुकाबले में दो शानदार गोल दागकर मेसी विश्व कप इतिहास के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने पुरुष और महिला दोनों विश्व कप प्रतियोगिताओं को मिलाकर सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जिससे फुटबॉल जगत में उनकी महानता की चर्चा और तेज हो गई है।
मैच के दौरान मेसी ने पहले एक सुनहरा मौका गंवाया जब उनका पेनल्टी प्रयास लक्ष्य से बाहर चला गया। हालांकि इसके बाद उन्होंने शानदार वापसी करते हुए पहले अर्जेंटीना के बेहतरीन टीम मूव को गोल में बदला और फिर इंजरी टाइम में दूसरा गोल कर जीत पर मुहर लगा दी। जैसे ही गेंद जाल में पहुंची, स्टेडियम में मौजूद हजारों अर्जेंटीनी प्रशंसक “मेसी-मेसी” के नारों से गूंज उठे।
39वें जन्मदिन के करीब पहुंच चुके मेसी एक बार फिर साबित कर रहे हैं कि उम्र उनके खेल के आड़े नहीं आ रही। डिएगो माराडोना के बाद अर्जेंटीना को विश्व फुटबॉल में नई पहचान दिलाने वाले मेसी अब रिकॉर्ड्स की नई इबारत लिख रहे हैं। खिताब की रक्षा करने उतरी अर्जेंटीना की टीम शानदार लय में दिखाई दे रही है और मेसी का यह ऐतिहासिक फॉर्म विरोधी टीमों के लिए बड़ी चेतावनी बन चुका है।
