सुरक्षा के मद्देनजर तैनात किए गए थे भारी संख्या में पुलिस बल, हल्का विरोध प्रदर्शन
जमशेदपुर : बर्मामाइंस स्थित लकड़ी टाल क्षेत्र में मंगलवार को रेलवे प्रशासन द्वारा बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. रेलवे की जमीन को खाली कराने के उद्देश्य से चलाए गए इस अभियान में रेलवे इंजीनियरिंग विभाग, रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ), जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही. सुबह से ही इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई थी, जिससे किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके. जानकारी के अनुसार, रेलवे प्रशासन ने पहले ही इस क्षेत्र में रहने वाले लोगों और व्यवसाय संचालकों को नोटिस जारी कर जमीन खाली करने का निर्देश दिया था. इसके बावजूद कई लोग अपने गोदाम और मकानों को हटाने में देरी कर रहे थे. इसी के मद्देनजर मंगलवार को प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की. हालांकि अभियान निर्धारित समय से शुरू नहीं हो सका. बताया जा रहा है कि सुरक्षा बल के जवानों के समय पर मौके पर नहीं पहुंचने के कारण कार्रवाई करीब डेढ़ घंटे की देरी से प्रारंभ हुई. इस दौरान रेलवे अधिकारियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने क्षेत्र का जायजा लिया और अभियान की रणनीति तैयार की. सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के बाद जेसीबी मशीनों की मदद से अतिक्रमण हटाने का काम शुरू किया गया. अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया कि रेलवे की जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा. कार्रवाई के दौरान दो बड़े गोदाम और एक मकान को ध्वस्त कर दिया गया. जेसीबी मशीनों के चलते पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. कई लोग अपने सामान को बचाने के लिए भागदौड़ करते नजर आए. अभियान के दौरान बर्मामाइंस थाना के दर्जनों पुलिसकर्मी मौके पर तैनात रहे. सुरक्षा के लिहाज से पूरे क्षेत्र की घेराबंदी की गई थी ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो.
स्थानीय लोगों का विरोध भी काम नही आया
कार्रवाई शुरू होते ही स्थानीय लोगों ने विरोध जताया. वर्षों से रेलवे की जमीन पर रह रहे परिवारों और व्यवसायियों का कहना था कि वे लंबे समय से यहां रह रहे हैं और अचानक हटाने की कार्रवाई से उन्हें भारी नुकसान होगा. कुछ लोगों ने अधिकारियों से समय की मांग भी की ताकि वे अपना सामान सुरक्षित स्थान पर ले जा सकें. स्थिति को देखते हुए मौके पर मौजूद दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया.
प्रस्तावित योजनाओं के लिए अतिक्रमण हटाना ज़रूरी : रेलवे
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि टाटानगर स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में रेलवे के विकास और विस्तार की कई योजनाएं प्रस्तावित है. इन योजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए रेलवे की जमीन को खाली कराना जरूरी है. अधिकारियों ने यह भी कहा कि जिन लोगों ने रेलवे की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा है, उन्हें पहले ही नोटिस देकर चेतावनी दी गई थी. स्थानीय लोगों का कहना है कि वे वर्षों से यहां रह रहे हैं और प्रशासन को पुनर्वास की व्यवस्था पर भी विचार करना चाहिए. हालांकि रेलवे प्रशासन ने फिलहाल पुनर्वास को लेकर कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया है.