Jamshedpur Human Sensivity Shown By Advocate : जिला बार एसो. के अधिवक्ताओं ने दिखाई मानवीय संवेदना
जमशेदपुर : जिला बार एसोसिएशन के कर्मी सुशांत कुमार नामता उर्फ भोंदू के आश्रित परिजनों को स्थानीय अधिवक्ताओं ने आर्थिक सहायता प्रदान कर मानवीय संवेदना का परिचय दिया. जानकारी के अनुसार, भोंदू अपने मकान की छत गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसके बाद वे कोमा में चले गए. इलाज के दौरान रिम्स, रांची में उनका निधन हो गया. इस दुखद घटना के बाद अधिवक्ताओं ने एकजुट होकर उनके परिवार की मदद का निर्णय लिया.
अधिवक्ता विष्णुपद सत्पथी, बी बी सुब्रमण्यम, मलकीत सिंह सैनी, सुधीर कुमार पप्पू, राहुल प्रसाद, राहुल कुमार, राजू सिंह और अनिल वर्मा समेत अन्य अधिवक्ताओं की पहल पर सहायता राशि जुटाई गई. इससे पूर्व 11 अप्रैल को इलाज के लिए 50 हजार रुपये की राशि दी गई थी, जबकि मंगलवार को 32 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता भोंदू की पत्नी कल्याणी देवी और पुत्र दुलाल नामता को सौंपी गई. सहायता राशि सौंपने के बाद अधिवक्ता विष्णु पद सत्पथी ने सहयोग करने वाले सभी वकीलों के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में जिस तरह से अधिवक्ताओं ने एकजुटता और संवेदनशीलता का परिचय दिया, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है.
