May 4, 2026
IMG-20260503-WA0013

विधायक सरयू राय के बिष्टुपुर आवास में रेल यात्री संघर्ष समिति की बैठक, बनी रणनीति

17 से 19 तक साकची, बर्मामाइंस व एमजीएम के अलावा 24 को घाटशिला में चलेगा हस्ताक्षर अभियान

जमशेदपुर : यात्री ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी के खिलाफ रेल यात्री संघर्ष समिति ने अपने आंदोलन का दायरा बढ़ाते हुए अब खडग़पुर मंडल से विलंब से चलनेवाली ट्रेनों के खिलाफ भी अभियान चलाया जाएगा. इस संबंध में आगामी 24 मई को घाटशिला में हस्ताक्षर अभियान आयोजित करने का निर्णय लिया गया है. यह निर्णय जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के बारीडीह स्थित कार्यालय में आयोजित समिति की बैठक में लिया गया. समिति के संयोजक शिवशंकर सिंह ने बताया कि आंदोलन को और धार देने के लिए 17 से 19 मई तक शहर के तीन स्थानों पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा. 17 मई को साकची गोलचक्कर, 18 मई को स्टार टॉकीज के पास और 19 मई को मानगो स्थित एमजीएम अस्पताल के समीप यह अभियान आयोजित होगा.
बैठक में सरयू राय ने कहा कि कई ट्रेनें चांडिल तक समय पर पहुंचती हैं, लेकिन टाटानगर पहुंचते-पहुंचते 30 मिनट से लेकर 5 घंटे तक लेट हो जाती हैं. उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि रांची से हावड़ा जानेवाली वंदे भारत एक्सप्रेस भी टाटानगर जंक्शन पर 30 मिनट विलंब से पहुंची. उन्होंने कहा कि रेलवे की लापरवाही का लगातार भंडाफोड़ हो रहा है, जिससे उसकी प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है. उन्होंने यह भी कहा कि 2017 के बाद रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर में तेजी से काम हुआ, लेकिन आदित्यपुर से सलगाजुड़ी तक तीसरी लाइन का निर्माण अबतक पूरा नहीं हुआ है, जिससे परिचालन प्रभावित हो रहा है. बैठक में जदयू के जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, आफताब अहमद सिद्दीकी, मुकेश मित्तल, आजसू के जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह, घाटशिला के नगर पार्षद करण सिंह, कुलविंदर सिंह पन्नू, मंजू सिंह, उषा यादव और अजय कुमार आदि ने भी अपनी बातें रखी. बैठक का संचालन राजीव कुमार तथा धन्यवाद ज्ञापन संजीव कुमार सिंह ने किया.

You may have missed