May 3, 2026

Jamshedpur PM Awas Yojna Me Late Se Pareshaan Public : पीएम आवास योजना : पैसा जमा करने पर भी नहीं मिला घर

IMG-20260503-WA0014

लाभार्थियों का टूटा धैर्य : 6 को गृहप्रवेश की तैयारी, सरयू उपलब्ध कराएंगे पंडितजी, शामियाना, कुसी-टेबल व पूजन सामग्री

जमशेदपुर : बिरसानगर क्षेत्र में बन रहे प्रधानमंत्री आवास योजना के 200 से ज्यादा लाभार्थी रविवार को विधायक सरयू राय के बिष्टुपुर आवास पर पहुंचे और अपना दर्द साझा किया. उनका कहना था कि पीएम आवास योजना का पूरा पैसा जमा करने के बावजूद सरकार ने अभी तक उनके मकान की चाबी उन्हें नहीं दी. इससे उनकी माली हालत खराब होती जा रही है. जिन लोगों ने बैंकों से कर्ज ले रखा है, बैंक वाले लगातार उनकी ईएमआई काट रहे हैं. किराया भी देना पड़ रहा है.
इनकी बातों को सुनने के बाद श्री राय ने कहा कि बिरसानगर क्षेत्र में 21 ब्लॉक बनने थे, अबतक मात्र दो ब्लॉक ही बने हैं. दो ब्लॉक में लोगों को मकान भी अलॉट हो चुके हैं. लोगों ने बिजली के लिए आवेदन भी कर दिया गया है. लोग चाहते हैं कि वे अपने घर में जाएं. श्री राय ने तत्काल विभागीय मंत्री सहित सचिव व जेएनएसी के उप नगर आयुक्त से इस बावत बात की. मंत्री का कहना है कि सरकारी काम है, थोड़ा लेट-लतीफ तो हो ही जाता है. उप नगर आयुक्त ने बताया कि जुडको ने अभी तक उन्हें हैंडओवर किया ही नहीं है.
श्री राय ने बताया कि कल, सोमवार को प्रत्यायुक्त (विधानसभा) समिति की बैठक है, वे मंत्री-मुख्यमंत्री सभी लोगों से मिलने का प्रयास करेंगे और उनसे कहेंगे कि आप ऑनलाइन उद्घाटन कर दें. श्री राय ने कहा कि जो मकान लेने के हकदार हैं, वे अपने घर की गृहप्रवेश पूजा 6 मई को करना चाहते हैं. वे लोगों की सुविधा के लिए शामियाना लगवा देंगे, पंडित जी सहित कुर्सी-टेबल पूजन सामग्री की व्यवस्था करवा देंगे. इस बात की भी जानकारी मिली कि जो मकान इन्हें अलॉट किये गए हैं, वो टूटने भी लगे हैं. ये दुर्भाग्य की बात है कि झारखंड में प्रधानमंत्री आवास को लेकर ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई है.

d_jha

You may have missed