April 27, 2026

Jamshedpur Loco Pilot Murder Near Taranagar Station : लोको पायलट की गोली मारकर हत्या, टाटानगर स्टेशन के पास वारदात

IMG-20260427-WA0000

ड्यूटी खत्म कर लौट रहे थे जीके गौतम, बाइक सवार अपराधियों ने सिर में सटाकर मारी गोली

जमशेदपुर : शहर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आ रहा है. रविवार देर रात अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने ट्रेन के लोको पायलट जीके गौतम की गोली मारकर हत्या कर दी. यह सनसनीखेज वारदात टाटानगर स्टेशन टीओपी से कुछ ही दूरी पर बागबेड़ा थाना क्षेत्र में हुई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है. मिली जानकारी के अनुसार, लोको पायलट जीके गौतम कांड्रा से मालगाड़ी लेकर टाटानगर स्टेशन पहुंचे थे. ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह पैदल ही रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी स्थित संयुक्त चालक एवं परिचालक लॉबी की ओर जा रहे थे. इसी दौरान लॉबी गेट के पास पहले से घात लगाए बाइक सवार दो अपराधी उनके पास पहुंचे. बताया जा रहा है कि इससे पहले कि गौतम कुछ समझ पाते, अपराधियों ने उनके सिर में पिस्टल सटाकर गोली मार दी. गोली लगते ही वह सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़े. घटना के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए.
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और रेलवे कर्मियों की मदद से गंभीर रूप से घायल गौतम को आनन-फानन में रेलवे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जीके गौतम रेलवे की नौकरी के साथ-साथ जमीन की खरीद-बिक्री के कारोबार से भी जुड़े हुए थे. पुलिस इस एंगल को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। हालांकि, हत्या के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. इस घटना के बाद रेलवे कर्मियों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं.

You may have missed