Jamshedpur Sreeleathers Celebrates Founders Day : दिल में बसता है जमशेदपुर, हमेशा प्रथम व सर्वोपरि : शेखर डे
फाउंडर्स डे पर बिष्टुपुर के रोड शो-रुम में संस्थापक सुरेश चंद्र डे को किया नमन
जमशेदपुर : श्रीलेदर्स के पार्टनर सह वरिष्ठ समाजसेवी शेखर डे ने कहा कि श्रीलेदर्स परिवार के लिए जमशेदपुर शहर हमेशा प्रथम और सर्वोपरि रहा है. उन्होंने बताया कि उनका पूरा परिवार इसी शहर में पला-बढ़ा और यहीं से शिक्षा प्राप्त की. उन्होंने गर्व के साथ कहा कि जिस तरह टाटा स्टील की शुरुआत भी जमशेदपुर से हुई, उसी तरह श्रीलेदर्स ने भी यहीं से अपनी यात्रा शुरू कर आज राष्ट्रीय ही नहीं, अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बनाई है.
मंगलवार को श्रीलेदर्स ने अपने दूरदर्शी संस्थापक सुरेश चंद्र डे का 115वां फाउंडर्स डे बिष्टुपुर स्थित के रोड शोरूम परिसर में श्रद्धापूर्वक मनाया. कार्यक्रम के दौरान संस्थापक के योगदान, उनके आदर्शों और मूल्यों को याद करते हुए उन्हें नमन किया गया. करीब 74 वर्ष पूर्व, स्वतंत्रता सेनानी एवं दूरदर्शी सुरेश चंद्र डे ने इस संस्थान की नींव रखी थी. उनका उद्देश्य केवल व्यापार नहीं, बल्कि समाज के समग्र कल्याण के लिए समर्पित रहना था. उनकी मेहनत, ईमानदारी और स्पष्ट सोच ने ही श्रीलेदर्स को एक मजबूत पहचान दिलाई. कार्यक्रम में श्रीलेदर्स की पार्टनर ज्योत्सना डे एवं सुशांतो डे के अलावा सुभाष संस्कृति परिषद के सचिव सुरोजित चटर्जी, द मिलानी बिष्टुपुर की सदस्य प्रीतिलेखा रॉय, समाजसेवी अल्पना भट्टाचार्य, झारखंड बंगाली समिति की झरना कर, पी.के. नंदी और बिमल चक्रवर्ती सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. कार्यक्रम के दौरान श्रीलेदर्स के कर्मचारियों और शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने भी भाग लिया और संस्थापक के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया.
