झारखंड में मूसलाधार बारिश की चेतावनी‚ तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
सर्च न्यूज़ सच के साथ – रांची। झारखंड में मानसून का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। विशेष रूप से 7 अगस्त को चतरा, पलामू और गढ़वा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां मूसलाधार बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।इसके अलावा कोल्हान और संताल परगना के अंतर्गत आने वाले सभी जिलों में 7 से 9 अगस्त के बीच येलो अलर्ट लागू किया गया है।
इस मानसून सीजन में वर्षा के आंकड़े भी रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। रांची, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और लातेहार में अब तक 1000 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जो पिछले 13 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ चुकी है। इसके अलावा पांच अन्य जिलों में भी 900 मिमी से ज्यादा वर्षा दर्ज की गई है, जिससे यह मानसून झारखंड के लिए ऐतिहासिक बन गया है।मौसम विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि खराब मौसम के दौरान लोग खुले क्षेत्रों में जाने से बचें, विशेषकर बिजली गिरने की आशंका वाले इलाकों में। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे तुरंत स्थानीय प्रशासन या आपदा प्रबंधन टीम से संपर्क करें।
