Jamshedpur News : जुगसलाई फाटक गोलचक्कर के पास ट्रैफिक व्यवस्था राम भरोसे
Jugsalai Fatak Road
Jamshedpur : लौहनगरी में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए करोड़ों की लागत से जुगसलाई फ्लाई ओवर का निर्माण तो हो गया, लेकिन इसके नीचे बना गोलचक्कर अब आम लोगों के लिए सिरदर्द और दुर्घटनाओं का केंद्र बनता जा रहा है। फ्लाई ओवर से उतरते ही नीचे बने गोलचक्कर पर हर समय किसी बड़ी अनहोनी की आशंका बनी रहती है। विडंबना यह है कि प्रशासन की नाक के नीचे यहां नियम ताक पर हैं और लोग जान जोखिम में डालकर वाहन चलाने को मजबूर हैं।
तीन दिशाओं से भारी वाहनों का दबाव
जुगसलाई गोलचक्कर एक ऐसा जंक्शन है जहां तीन तरफ से वाहनों का भारी दबाव रहता है। यहां बिष्टुपुर की ओर से आने वाले वाहनों के साथ-साथ टाटानगर स्टेशन और फ्लाई ओवर के जरिए जुगसलाई की ओर से आने वाले वाहनों का सीधा मिलन होता है। दोपहिया वाहनों से लेकर कार, बस और भारी ट्रकों का आवागमन यहां निरंतर जारी रहता है। फ्लाई ओवर से उतरकर स्टेशन की ओर जाने के लिए बने क्रॉसिंग पर वाहनों की भिड़ंत का खतरा सबसे अधिक रहता है, क्योंकि सभी दिशाओं के वाहन एक साथ सड़क पार करने की कोशिश करते हैं।
हैरानी की बात यह है कि इतने संवेदनशील मोड़ पर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए न तो कोई ट्रैफिक लाइट सिग्नल है और न ही किसी ट्रैफिक पुलिस के जवान की तैनाती रहती है। हालांकि, गोलचक्कर के समीप ही एक पुलिस पोस्ट (चौकी) का निर्माण किया गया है, लेकिन स्थानीय लोगों की शिकायत है कि यह पोस्ट शोपीस बनकर रह गई है। यहाँ कभी कोई पुलिसकर्मी नजर नहीं आता। सुबह और शाम के वक्त पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी एक किनारे पेट्रोल पंप के पास खड़ी तो दिखती है, लेकिन सड़क पर रेंगते और आपस में उलझते वाहनों को व्यवस्थित करने में उनकी कोई दिलचस्पी नहीं दिखती।
स्थानीय लोगों की मांग, पोस्ट पर हो नियमित तैनाती
गोलचक्कर के पास रहने वाले स्थानीय निवासियों और राहगीरों का कहना है कि प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। वाहनों की बेतरतीब आवाजाही और क्रॉसिंग पर होने वाली आपाधापी से यहां जाम की स्थिति बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और ट्रैफिक विभाग से पुरजोर मांग की है कि यहां स्थापित पुलिस पोस्ट पर सुबह से लेकर देर रात तक ट्रैफिक पुलिस के जवानों की नियमित तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही, यातायात को सामान्य करने के लिए लाइट सिग्नल की भी सख्त जरूरत है, ताकि बिष्टुपुर, स्टेशन और जुगसलाई के बीच आवागमन करने वाले यात्रियों का सफर सुरक्षित हो सके।
Also Read : Jamshedpur Chandil Accident, Death : स्विफ्ट डिजायर और बोलेरो की टक्कर में साकची के युवक की मौत

