NH-23 पर दर्दनाक हादसा, ऑटो-बस टक्कर में दो की मौत
झारखंड के रामगढ़ जिले में रामगढ़-बोकारो राष्ट्रीय राजमार्ग-23 पर बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बारलोंग स्थित सम्राट होटल के पास यात्रियों से भरे ऑटो और सामने से आ रही बस की आमने-सामने टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो का अगला हिस्सा पूरी तरह बस में जा घुसा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दुर्घटना में घायल रविरंजन भारती और अमित कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि दोनों पतरातू रेलवे में लोको पायलट के पद पर कार्यरत हैं। हादसे के बाद कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि आसपास के लोग तुरंत राहत कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा और लापरवाही से वाहन चलाने पर चिंता जताते हुए प्रशासन से दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
