री-NEET की सफलता पर पीएम मोदी ने की टीम इंडिया की तारीफ
पेपर लीक विवाद के बाद आयोजित NEET UG 2026 री-एग्जाम के सफल संचालन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र सरकार, राज्य सरकारों और विभिन्न विभागों की संयुक्त कार्यप्रणाली की सराहना की। केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में उन्होंने इसे “Whole-of-Government Approach” का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए कहा कि सभी संस्थाओं के समन्वित प्रयास से इतनी बड़ी परीक्षा निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न कराई जा सकी।
NEET UG 2026 का री-एग्जाम 21 जून को भारत के 5,440 परीक्षा केंद्रों तथा विदेश के 14 केंद्रों पर 20 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के लिए आयोजित किया गया। परीक्षा को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए कड़ी निगरानी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित ढुलाई, उन्नत मॉनिटरिंग व्यवस्था और बहु-स्तरीय सुरक्षा उपाय लागू किए गए।
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता मेधावी छात्रों को निष्पक्ष और सुरक्षित परीक्षा उपलब्ध कराना थी। उन्होंने बताया कि सामान्यतः छह महीने की तैयारी वाली प्रक्रिया को राष्ट्रीय स्तर पर समन्वय स्थापित कर मात्र 38 दिनों में पूरा किया गया, जिससे लाखों विद्यार्थियों को समय पर दोबारा परीक्षा देने का अवसर मिल सका।
