राहुल गांधी ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे से जुड़े मानहानि मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के समक्ष खेद व्यक्त करते हुए दाखिल किया आवेदन
Search news: सच के साथ: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह से जुड़े मानहानि मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के समक्ष खेद व्यक्त करते हुए एक आवेदन दाखिल किया है। राहुल गांधी ने अपनी अर्जी में कहा कि वर्ष 2018 की चुनावी सभा में दिया गया उनका बयान कार्तिकेय सिंह के संदर्भ में नहीं था और उनका उद्देश्य उनकी छवि को नुकसान पहुंचाना नहीं था।
निचली अदालत द्वारा व्यक्तिगत पेशी के लिए समन जारी किए जाने के बाद राहुल गांधी ने जबलपुर स्थित मध्य प्रदेश हाईकोर्ट का रुख किया। उन्होंने समन और मानहानि की पूरी कार्यवाही को रद्द करने की मांग की है। बुधवार को हाईकोर्ट के निर्देशानुसार निचली अदालत का रिकॉर्ड भी प्रस्तुत किया गया।
अब इस मामले पर मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में सुनवाई होने वाली है, जहां अदालत राहुल गांधी की याचिका पर फैसला करेगी। राजनीतिक और कानूनी हलकों की नजर इस सुनवाई पर टिकी है, क्योंकि इसका असर इस बहुचर्चित मानहानि मामले की आगे की न्यायिक प्रक्रिया पर पड़ सकता है।
