OSM बवाल पर बड़ा एक्शन! CBSE चेयरमैन-सेक्रेटरी हटाए गए, जांच के आदेश
CBSE के ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) विवाद ने अब ऐसा मोड़ ले लिया है, जिसने पूरे शिक्षा तंत्र को हिला दिया है। केंद्र सरकार ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए CBSE चेयरमैन राहुल सिंह और सेक्रेटरी हिमांशु गुप्ता का तबादला कर दिया है। साथ ही OSM सेवाओं की खरीद प्रक्रिया और पूरे डिजिटल मूल्यांकन सिस्टम की जांच के लिए एक सदस्यीय समिति का गठन किया गया है।
सरकार ने अब इस पूरे मामले की जांच की जिम्मेदारी क्षमता निर्माण आयोग की अध्यक्ष एस. राधा चौहान को सौंपी है। समिति एक महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट देगी। इस बीच विपक्ष ने भी सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने इस कार्रवाई को “देर से लिया गया फैसला” बताते हुए शिक्षा मंत्रालय की जवाबदेही पर सवाल खड़े किए हैं।
CBSE ने हालांकि सफाई देते हुए कहा है कि छात्रों की हर वास्तविक शिकायत की समीक्षा की जाएगी और पोर्टल पर साइबर अटैक जैसी चुनौतियों से भी बोर्ड जूझ रहा था। लेकिन जिस तरह से लगातार तकनीकी खामियां, पारदर्शिता पर सवाल और करोड़ों के कॉन्ट्रैक्ट चर्चा में आए, उसने देश की सबसे बड़ी परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर बहस छेड़ दी है।
अब सबकी नजर जांच रिपोर्ट पर है — क्या यह सिर्फ तबादले तक सीमित रहेगा, या OSM विवाद में और बड़े खुलासे सामने आएंगे?
